बुरा ना टाईप करो, ना लाईक करो, ना ही शेयर करो का सिद्धांत अपनाये मीडिया - प्रो. द्विवेदी
पत्रकारिता जब सत्यता के साथ खड़ी होती है तो दुनिया की कोई ताकत उसे हरा नहीं सकती - प्रो. द्विवेदी
ब्रह्माकुमारी संगठन में मीडियाकर्मियों का सम्मेलन आरंभ
माउंट आबू, 6 मई 2023
भारतीय जनसंचार संस्थान महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि मीडिया को सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाजिक बुराईयों को उजागर करना चाहिये। देश के विकास में अपनी जिम्मेवारी के निर्वहन के लिये स्वतंत्रता पूर्व की पत्रकारिता के आदर्श सामने रखने होंगे। मीडिया की जिम्मेवारी विश्वमंगल की है। देश को जोडक़र रखने की है। जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की है। राष्ट्रीय विकास के उद्देश्यों की पूर्ति, समाज के उत्थान के लिए है। ब्रह्माकुमारी संगठन ने मीडिया को स्वतंत्र आकाश उपलब्ध कराया है जो सदैव सकारात्मक पहलुओं को महत्व देकर आध्यात्मिकता के माध्यम से विश्व को एकसूत्र में पिरोने का अतुलनीय कार्य कर रहा है। यह बात उन्होंने शनिवार को ब्रह्माकुमारी संगठन के मीडिया प्रभाग की ओर से राष्ट्रीय विकास में मीडिया का दायित्व विषय पर आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के उदघाटन सत्र में कही।
सोशल मीडिया के प्रसार की चुनौतियों की चर्चा के साथ प्रो. द्विवेदी ने बापू गांधी के तीन उपदेशों को नया रूप देते हुए कहा कि यदि बुरा ना टाईप करो, ना लाईक करो और ना ही शेयर करो का सिद्धांत अपनायेंगे तो सोशल मीडिया अपने आप सुधर जायेगा। पत्रकारिता जब सत्यता के साथ खड़ी होती है तो दुनिया की कोई ताकत उसे हरा नहीं सकती है। देश की चुनौतियों, जरूरतों, समस्याओं को समझकर उसका निस्तारण करने में मीडिया की अहम भूमिका है। खबरों को तोड़मरोडक़र प्रस्तुत करने से मीडिया पर बाजारीकरण, व्यपारीकरण के सवाल उठने लगते हैं। मीडिया को अपने तीन उद्देश्यों शिक्षा देना, सूचना पहुंचाना, मनोरजंन करना में से शिक्षा पर जोर देना होगा। खबरों के पीछे छिपे हुए अर्थों को समझाने का कार्य करना है। जनता की रूचि को अपडेट करने के साथ अपनी सांस्कृतिक, सामाजिक जिम्मेवारियों को समझाकर देश के प्रति जिम्मेवारियों से अवगत कराना है।
प्रो. द्विवेदी ने कहा कि समाज व देश को परिवर्तन करने का मीडिया एक सशक्त हथियार है। मीडिया को देश के सकारात्मक बदलाव और परिवर्तन के हथियार के रूप में उपयोग करना चाहिए। भारतीय परंपराओं के अनुरूप अपनी मातृभूति, पुण्यभूमि व सत्यमेव जयते को सामने रखते हुए कार्य करना चाहिए। सत्य कमजोर हो सकता है लेकिन पराजित नहीं हो सकता। सत्य पर चलना है धर्म पर चलना है यह जिम्मेवरी मीडियाकर्मियों की है। किसी बात को कर्कशता से प्रस्तुत करने की बजाय ज्ञान-योग के माध्यम से मधुर वाणी से बताया जा सकता है। सत्य को प्रिय बनाकर बोलें जो किसी की भावनओं को ठेस न पहुंचायें।
इंडिया टूडे दूर संचार संस्थान निदेशक डॉ. धु्रव ज्योति पाटी ने कहा कि कोरोना काल में मीडिया ने सरकार और जनता के बीच पुल का काम करते हुए बेहतर भूमिका अदा की। डिजीटल मीडिया की चुनौतियों के बावजूद प्रिंट मीडिया को लोकतंत्र के विकास में संवेदनशील भूमिका निभाते रहना चाहिये।
बफरिंग मीडिया टेक निदेशक व सहसंस्थापक अमित बी. वाधवानी ने कहा कि मीडिया के पास वो मैजिकल पॉवर है जो किसी को भी स्टार बना सकता है या किसी को भी बर्बाद कर सकता है। वर्तमान में यह देखा जा रहा है कि मीडिया अपने राजस्व को बढ़ाने के लिए विज्ञापनों को प्राथमिकता दे रहा है जिससे खबरों की वास्तविकता लुप्त होती जा रही है। दुनिया को बेहतर मार्ग दिखाने के लिए मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों का सदुपयोग करना चाहिए।
ब्रह्माकुमारी संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका डॉ. निर्मला ने कहा कि आज समूची दुनिया पर मीडिया का प्रभाव है। राष्ट्रीय विकास की भागीदारी में मीडिया को अपना सकारात्मक रखना चाहिए। नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता से परोसने का कार्य किया जाना चाहिए।
अंतर्र्राष्ट्रीय पहलवान व बालीवुड अभिनेता संग्राम सिंह ने कहा कि वर्तमान बच्चों को संस्कारों की शिक्षा देने में मीडिया को आगे आना चाहिए। अपनी सोच को सकारात्मक रखने के साथ जनहित को सर्वोपरि मानते हुए मौलिक अधिकारों की रक्षा के दायित्व पर खरा उतरना चाहिए।
संगठन के मीडिया प्रभाग अध्यक्ष बीके करूणा ने कहा कि मानव ईश्वर की श्रेष्ठ रचना है। सत्यता को हर मानव तक पहुंचाने से पूर्व मीडियाकर्मियों को स्वयं में ईश्वर की शक्ति को आत्मसात करना चाहिए।
प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके शान्तनू ने कहा कि स्वपरिवर्तन से विश्व परिवर्तन ही हमारा नारा है। हमारा विश्वास है कि आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने से कई समस्याएं अपने आप सुलझ जाती हैं। मूल्यानिष्ठ मीडिया विश्व परिवर्तन में अहम भूमिका निभा सकता है।
शिक्षा प्रभाग की उपाध्यक्षा बीके. शीलू बहन ने राजयोग का अभ्यास कराते हुए गहन शांति की अनुभूति कराई। मीडिया प्रभाग की क्षेत्रीय संयोजिका बीके चंद्रकला ने मंच का संचालन किया।
चंडीगढ से आई सिमोनी बहन ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, कार्यक्रम का शुभारंभ नृत्यांगन अकादमी खडगपुर से आये कलाकारों ने गणेश वंदना से किया। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर उदघाटन सत्र का आगाज किया ।
Comments