सीआरपीएफ के 44 मेडिकल ऑफिसर्स ने ली शपथ
माउंट आबू
शनिवार को आंतरिक सुरक्षा अकादमी में सीआरपीएफ के 57वें मेडिकल ऑफिसर कॉम्बिटाइजेशन कोर्स (एमओसीसी) का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया । इस मौके पर निदेशक / महानिरीक्षक दर्शन लाल गोला ने सभी को संबोधित करते हुए बताया की 3 महीनों के कठिन प्रशिक्षण के बाद 44 मेडिकल ऑफिसर्स अब देश की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं । उन्होंने बताया कि आंतरिक सुरक्षा अकादमी द्वारा चिकित्सा अधिकारियों को 10 सप्ताह का सघन प्रशिक्षण दिया गया है । अब चिकित्सा अधिकारी एक सैनिक के रूप में देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के साथ रहेंगे व उनकी चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करेंगे । इस दौरान सीआरपीएफ के उपमहानिरीक्षक (प्रशासन) शिव कुमार सिंह व सुधांशु सिंह उपमहानिरीक्षक (प्रशिक्षण) ने भी मौजूद जनसमूह को प्रशिक्षण के बारे में जानकारी दी व अधिकारियों को शपथ दिलवाई । इस दौरान अवस्थी रमेश को सभी क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ऑल राउंड बेस्ट ट्रॉफी , बेस्ट इन इनडोर के लिए वसुंधरा गोस्वामी , बेस्ट इन आउटडोर के लिए जिशान फ़ुकन को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया । बता दें की ट्रेनिंग के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में 2 मेडिकल शिविरों का भी आयोजन किया गया था जिनमें 550 के करीब जरूरतमंदों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया गया । साथ ही पर्वतारोहण , जंगल कैंप , इंसास राइफल सहित हथियार व युद्ध प्रशिक्षण , अर्बन चैलेंज ट्रैक आदि आदि द्वारा अधिकारियों को टफ ट्रेनिंग दी गई है । कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट शिवराज सिंह राठौर , एसीजेएम श्याम सुंदर बिश्नोई सहित सीआरपीएफ के अधिकारी , परिजन व मीडियाकर्मी मौजूद रहे ।

Comments